जोधपुर: राजस्थान के जोधपुर स्थित मथुरादास माथुर अस्पताल में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला का ऑपरेशन कर डॉक्टर ने उसके पेट से करीब 3 किलो वजनी बालों का गुच्छा निकाला है। इस महिला की उम्र 28 साल बताई जा रही है। महिला पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल आई थी। डॉक्टर ने जब उसकी जांच की तो उसके पेट में बालों का गुच्छा मिला। इसके बाद महिला का ऑपरेशन कर बालों का गुच्छा निकाला गया। महिला पेट दर्द, भूख न लगने और कुछ भी खाने पर उल्टी की शिकायत लेकर अस्पताल आई थी। महिला का वजन भी कई दिनों से लगातार गिर रहा था। महिला ने जब डॉक्टर से सलाह ली तो डॉ ने उसे एंडोस्कोपी कराने को कहा। एंडोस्कोपी जांच में महिला के पेट में बालों का गुच्छा मिला। डॉक्टर को जैसे ही इस बात का पता चला तो तुरंत महिला का ऑपरेशन किया गया और उसके पेट से तीन किलो बालों का गुच्छा निकाला गया।

महिला ने बताई कहानी

जब महिला से इस बारे में पूछा गया तो उसने बताया कि उसे बाल खाने की आदत है और उसके सिर पर भी कम बाल हैं। महिला मानसिक रूप से स्वस्थ बताई जा रही है। ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर दिनेश दत्त शर्मा ने बताया कि यह ऑपरेशन जटिल था। बालों का गुच्छा इतना ज्यादा और फैला हुआ था कि पेट पर कई जगह चीरा लगाना पड़ा। बालों ने पेट और छोटी आंत के अगले हिस्से को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया था।

ट्राइकोफेजिया नामक बीमारी से पीड़ित

ट्राइकोफेजिया नामक बीमारी से पीड़ित लोगों को बाल खाने की आदत होती है। ऐसे में मरीज बार-बार बाल खाता है। इंसान में बालों को पचाने की क्षमता नहीं होती। वह बाल पेट के अंदर जमा होते रहते हैं, जो बालों के गुच्छे में बदल जाते हैं। यह आमतौर पर 15 से 25 साल की महिलाओं और मानसिक रूप से कमजोर, बीमार और असामान्य व्यवहार वाली महिलाओं में पाया जाता है।

महिला का मुफ्त इलाज 

इलाज के बाद महिला की मेडिकल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। इसके साथ ही महिला की मानसिक स्थिति भी सामान्य है। महिला का मुख्यमंत्री आयुष्मान योजना के तहत निशुल्क इलाज किया गया है। डॉक्टर के अनुसार अब महिला को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं है और उसे जल्द ही अस्पताल से छुट्टी दे दी जाएगी।