चंद्रमा की सतह पर लैंडर-रोवर को अलग होते हुए धनबाद के लोग भी देखेंगे। भारत का चंद्रयान-3 आज शाम 6:04 बजे चंद्रमा पर उतरेगा। देश भर के साथ ही धनबाद के लोग भी इस पल के गवाह बनेंगे। यहां भी लाइव प्रसारण की तैयारी की गई है।

आईआईटी आईएसएम में शाम साढ़े पांच बजे से चंद्रयान-3 मिशन का सीधा प्रसारण शुरू हो जाएगा। आईएसएम के छात्र-छात्राएं और शिक्षक लैंडर विक्रम की साॅफ्ट लैंडिंग देखेंगे। संस्थान के पेनमेन ऑडिटोरियम में प्रसारण की व्यवस्था की गई है।

सभी छात्रों एवं शिक्षकों को शाम साढ़े पांच बजे तक रिपोर्ट करने को कहा गया है। उपनिदेशक प्रो. धीरज कुमार ने बताया कि पूरा देश इस पल का गवाह बनने जा रहा है इसलिए आईएसएम ने भी यहां प्रसारण की व्यवस्था की है। हम लोगों के लिए यह गर्व का क्षण है।

प्रतिष्ठित धनबाद क्लब में भी चंद्रयान-3 मिशन का प्रसारण बिग स्क्रीन पर होगा। क्लब के सचिव संजीव बियोत्रा ने बताया कि चंद्रयान-3 की साॅफ्ट लैंडिंग पूरे देश के लिए गर्व की बात है। क्लब के लाॅन में बिग स्क्रीन लगाया गया है। साढ़े पांच बजे से लाइव प्रसारण शुरू हो जाएगा। अब तक दुनिया का कोई भी देश चांद के दक्षिणी ध्रुव पर नहीं उतरा है, हम रिकार्ड बनाने जा रहे हैं। अपने देश के लिए यह एक गौरव की बात है।

सिंफर में भी चंद्रयान-3 का लाइव प्रसारण होगा। सिंफर समेत इसकी सभी प्रयोगशालाओं में चंद्रयान की साॅफ्ट लैंडिंग का सीधा प्रसारण किया जाएगा।

सिंफर के निदेशक प्रो. एके मिश्रा ने बताया कि चंद्रयान-3 से संबंधित तीन हजार परीक्षण सीएसआईआर के बेंगलुरू के एनएएल (नेशनल एयोरोस्पेस लैब) में किया गया है।

सिम्युलेशन एवं प्रेशर से संबंधित अधिकतर टेस्ट एनएल में ही हुए। एनएएल लाइट काॅम्‍बेट हेलीकाॅप्टर आदि के निर्माण से जुड़ी प्रयोगशाला है। कई अहम प्रोजेक्ट में एनएएल डीआरडीओ का भी सहभागी है।