झारखंड में आज दक्षिणी (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां) तथा मध्य भागों (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी व रामगढ़) में वर्षा हो सकती है।

वहीं, 21 सितंबर को पश्चिमी (पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार तथा लोहरदगा) तथा मध्य भागों में (रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी तथा रामगढ़) में वर्षा की संभावना जताई गई है। जबकि 22 सितंबर को उत्तर-पश्चिम एवं उत्तर-पूर्वी भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है।

वहीं, मॉनसून अब अंतिम चरण में है। ऐसे में लगातार वर्षा देखने को मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, जमशेदपुर में अगले तीन दिन भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को शहर में जोरदार वर्षा देखने को मिली। इस दौरान जगह-जगह पर पानी का जमाव हो गया। मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी रांची समेत राज्य के सभी हिस्सों में रह रहकर हो रही वर्षा से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले एक सप्ताह के दौरान राजधानी का तापमान 5 डिग्री तक गिरा जबकि अन्य जिलों का भी कमोबेश यही हाल रहा। पिछले 24 घंटे के दौरान पूरे राज्य में मॉनसून की गतिविधि सामान्य बनी रही।

वहीं, सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री गोड्डा का जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रांची का रिकॉर्ड किया गया है। पिछले कुछ दिनों से हो रही हल्की वर्षा ने आमजनों को गर्मी से काफी राहत दी है। खासकर रांची में तो रात्रि पहर चादर ओढ़ने की नौबत आ गई है।

हालांकि मौसम विज्ञान केंद्र रांची से जारी रिपोर्ट की माने तो रांची में इस वर्ष सामान्य से 33 प्रतिशत कम वर्षा हुई है। 1 जून से 19 सितंबर तक के जारी आंकड़े को देखें तो अब तक रांची में 653.6 मिमी वर्षा हुई है जबकि सामान्य रूप से 971.2 मिमी वर्षा होने के अनुमान थे।