देवघर | दिल्ली पुलिस रविवार रात देवघर के पथरौल के ठेगाडीडीह में एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने के लिए पहुंची थी। जब पुलिस आरोपी प्रमोद रवानी को पकड़कर वहां से जाने लगी तो कुछ ग्रामीणों पुलिसकर्मियों को घेर लिया।इसी दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडे से पुलिसकर्मियों की जमकर पिटाई भी कर दी। ग्रामीणों की इस मारपीट में चार पुलिसकर्मी घायल हो गये। ग्रामीणों न सिर्फ पुलिसकर्मियों की पिटाई की बल्कि हथकड़ी लगे आरोपी को भी छुड़ा कर भाग गये।माहौल को देखते हुए उस समय पुलिसकर्मी वहां से निकल गए। इस घटना में दिल्ली पुलिस के तीन और पथरौल पुलिस का एक पुलिसकर्मी घायल हुआ है।

इस मामले में एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है।स्थानीय पुलिस उन आरोपियों को ढूंढ रही है, जिन्होंने आरोपी साइबर अपराधी को भगाने में मदद की थी। इस घटना में दिल्ली पुलिस के एसआई मोहित कुमार, हेड कांस्टेबल अंकित कुमार, कांस्टेबल दीपक कुमार और पथरौल थाने के हेड कांस्टेबल सिकंदर यादव घायल हुआ है।हेड कांस्टेबल सिकंदर यादव के बयान पर पथरौल थाने में ग्रामीणों के खिलाफ जानलेवा हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गयी है।दरअसल दिल्ली के ज्योति नगर साइबर अपराध थाने की पुलिस ने बिहार के बेगूसराय से साइबर आरोपी को गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही थी। इसी की निशानदेही पर दिल्ली पुलिस देवघर के पथरौल पहुंची थी।