रांची। वोटर हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मतदाताओं की समस्याओं का निदान है। सिर्फ डायल करें और निदान पाएं। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, शिफ्ट करने और नाम-पता सुधारने के लिए संपर्क कर सकते हैं।

साथ ही नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल (एनवीएसपी) की मदद से मतदाता अपना आवेदन कर सकता है। साथ ही किए गए आवेदन का स्टेटस भी जान सकता है। इसकी जानकारी उप विकास आयुक्त-सह- स्वीप कोषांग के नोडल आफिसर दिनेश कुमार यादव ने मंगलवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित प्रश्न पहर के दौरान दी।

मतदाता छुट्टियों का सही करें इस्‍तेमाल: उप विकास आयुक्‍त

उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस लोकसभा चुनाव में मतदाता छुट्टियों का सही इस्तेमाल करें, जिसके लिए उन्हें छुट्टी दी गई है। अवकाश को सफल बनाएं मतदान जरूर करें।

विशेषकर पिछले लोकसभा चुनाव में रांची विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रतिशत कम था, जिसे बढ़ाने की आवश्यकता है। स्वीप कोषांग की ओर से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए विभिन्न गतिविधियां लोकसभा क्षेत्र में की जा रही है। इसलिए इसे सफल बनाने के लिए मतदाताओं को आगे बढ़कर मतदान करना होगा।

पाठकों के पूछे गए सवाल और उनके जवाब

1. सवाल- मतदाता पहचान पत्र खो गया है। नया पहचान पत्र बनाने के लिए क्या करना होगा। अमित - पिस्कामोड़, राहुल -कोकर

जवाब- नए पहचान पत्र के लिए एनवीएसपी वेबसाइट पर जाकर फार्म-6 भरें। सात दिनों के बाद नाम मतदाता सूची में दर्ज हो जाएगा। वोटर आइडी कार्ड आने तक आप अपने मत का प्रयोग कर सकते हैं। 

2. सवाल- बच्चे की उम्र 18 साल है और उसका आधारकार्ड नहीं है। वोटर आइडी कार्ड कैसे बनेगा? हर्ष कुमार नामकुम

जवाब- बिजली बिल व पानी बिल, जन्म प्रमाण पत्र या स्कूल सर्टिफिकेट सहित अन्य डाक्यूमेंट देकर नए वोटर कार्ड के लिए आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

3. सवाल- मुझे मेरे बूथ का लोकेशन नहीं मिल रहा है। इसके लिए क्या करना होगा अमित महतो, विकास

जवाब- आप अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं। अगर बीएलओ का फोन नंबर नहीं है तो वोटर हेल्पलाइन एप से भी आप अपने बीएलओ का नंबर प्राप्त कर सकते हैं।

4. सवाल- वोटर आइडी कार्ड का फोटो पुराना हो गया है। इसके लिए फार्म भी जमा किया है। लेकिन, स्टेटस नहीं मिल रहा है। अखिलेश कुमार- रामगढ़

जवाब- फार्म-8 के माध्यम से फोटो या पता चेंज कर सकते हैं। अब जो भी प्रक्रिया होगी। चुनाव के बाद होगी। इसके लिए चाहें, तो 1950 डायल कर या एनवीएसपी वेबसाइट पर जानकर अपना स्टेटस जान सकते हैं।

5. सवाल- दादी बिहार की हैं। उनका वोटर आइडी कार्ड रांची के लिए शिफ्ट कराना है राकेश- हटिया

जवाब- वर्तमान में रांची लोकसभा क्षेत्र के लिए सिर्फ नाम जोड़ने के लिए 25 अप्रैल तक फार्म-6 को स्वीकारा जा रहा है। चुनाव के बाद नाम शिफ्ट का काम होगा। इसके बाद आप फार्म-7 भरकर शिफ्ट कर सकते हैं।

6. सवाल- सीसीएल के कई कर्मी दूसरे जगह चले गए हैं। मतदाता सूची से नाम शिफ्ट करवाना है। कैसे होगा। - आनंद खेलारी

जवाब- चुनाव के बाद ही नाम शिफ्ट का काम होगा। वर्तमान में सिर्फ नाम जोड़ने का काम किया जा रहा है।

7. सवाल- मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए क्या करना होगा। संतोष ठाकुर, कोकर मतदान

जवाब- सूची में नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 भरें। इसके लिए मतदाता दस्तावेज के तौर पर फोटोग्राफ, पता और उम्र के लिए प्रमाण पत्र देना होगा। इसके आधार पर एनवीएसपी वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं।

8. सवाल- बिहार और झारखंड में मेरा वोटर आइडी कार्ड है। बिहार से नाम हटवाने के लिए क्या करना होगा। - अभिषेक मिश्रा, कोकर

जवाब- मतदाता सूची से नाम डिलीटेशन का काम अब चुनाव के बाद होगा। चुनाव के बाद अपना आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए आप वोटर हेल्प लाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं।

9. सवाल- बेटी का वोटर आइडी कार्ड नहीं आया है। इसके लिए क्या करना होगा। - रीना, लालपुर

जवाब- बेटी का अगर वोटर आइडी कार्ड नहीं आया है, तो एनवीएसपी पर जाकर वर्तमान स्टेटस को देख सकते हैं। वैसे मतदाता सूची में नाम आ गया है। इस आधार पर आपकी बेटी वोट डाल सकती है।

10. सवाल- मेरे बच्चे की उम्र छह माह में 18 वर्ष हो जाएगी। वोटर आइडी कार्ड बनाने के लिए क्या अभी से आवेदन करना होगा। संतोष शुक्ला, कोकर

जवाब- नहीं। वोटर आइडी कार्ड के लिए अर्हता 18 वर्ष उम्र होना अनिवार्य है। इसके पहले आप आवेदन नहीं कर सकते हैं।