राजधानी रांची समेत पूरे राज्य में अब गर्मी का असर दिखने लगा है। 13 मार्च को दोपहर रांची में हुई बूंदाबांदी के बाद तेज धूप से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन कुछ ही देर में दोबारा खिली धूप ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया।मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी किए गए पूर्वानुमान के अनुसार, 14 मार्च को राज्य में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा। वहीं 15 मार्च को आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बना रहेगा।16 और 17 मार्च को राज्य के मध्य व निकटवर्ती हिस्से यानी रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो, खूंटी के अलावे दक्षिणी हिस्से यानी पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला खरसावां में कहीं कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है।साथ ही 18 और 19 मार्च को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में यही स्थिति बनी रहेगी। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट हो सकती है।पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य का मौसम शुष्क बना रहा। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का और सबसे कम न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस गढ़वा का रिकार्ड किया गया। वहीं राजधानी की बात करें तो अधिकतम 30.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।