झारखंड में 30 सितंबर से झमाझम वर्षा की संभावना जताई गई है। इसी तरह, राज्य में अक्टूबर महीने की शुरुआत भी बारिश के साथ होगी। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बताया है कि मॉनसून कमजोर पड़ने के कारण आज राज्य के लगभग सभी इलाकों में बादल छाए रहेंगे। ऐसे में कुछ जगहों पर छिटपुट वर्षा हो सकती है। 

रांची में सुहाना रहेगा मौसम

राजधानी रांची में भी आज मौसम सुहाना रहेगा। यहां आज मेघ गर्जन और तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, पलामू,गढ़वा व लातेहार में बीते दिन वर्षा कम हुई।

इस कारण अधिकतम तापमान में कोई बड़ा फर्क देखने को नहीं मिला। हालांकि, न्यूनतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। बुधवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिसे व न्यूनतम तापमान 23.9 डिसे रहा।

इसके अलावा, चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में भी गुरुवार को दिन भर आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे। दोपहर में उमस परेशान कर सकती है। शाम के समय वर्षा की संभावना है।

चतरा और कोडरमा का मौसम

वहीं, चतरा में भी आज वर्षा की पूरी संभावना है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की वृद्धि होगी। 

आज, कोडरमा में आसमान में कभी-कभी बादल छाए रह सकते हैं। कई इलाकों में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। अगले दो दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।