कोटालपोखर थाना क्षेत्र के जीवनपुर संथाली टोला में आम बगान के निकट रेल पटरी पर शुक्रवार को एक नवविवाहिता का दो भाग में कटा शव मिला। उसकी पहचान मुशहरिया गांव के डांगा टोला निवासी शमीम शेख की पत्नी साहीदुन बीबी के रूप में की गई। उसकी शादी इसी 27 अक्टूबर को हुई थी। उसके मायके के लोगों ने हत्या कर रेल पटरी पर शव फेंक देने का आशंका जताई है।

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी और पाकुड़ रेल थाना के सब इंस्पेक्टर गौतम कुमार साह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

मामले की जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजमहल अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। शुक्रवार को अलसुबह रेल पटरी पर एक 16 वर्षीय नवविवाहिता का शव आसपास के लोगों ने देखा। इसके बाद वहां भीड़ लग गई।

विवाहिता की पहचान थाना क्षेत्र के मुशहरिया गांव के डांगा टोला के शमीम शेख की पत्नी साहीदुन बीबी के रूप में की गई। साहिदून बीबी श्यामनगर के यासीम अंसारी की पुत्री थी।

उसकी शादी मुशहरिया गांव के डांगा टोला निवासी शमीम शेख के साथ इसी 27 अक्टूबर को हुई थी। दोनों ने प्रेम विवाह किया था।

लड़की के पिता ने ससुराल वालों पर लगाया हत्‍या का आरोप

शमीम शेख के माता पिता को यह विवाह स्वीकार नहीं था। इस वजह से शमीम शेख अपनी बहन के घर पर रह रहा था।

विवाहिता के पिता यासीम अंसारी ने शमीम शेख और उनके घर वालों पर पुत्री की हत्या कर रेल पटरी में फेंक देने की आशंका जाहिर की है। थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार दास ने कहा कि पुलिस हर बिंदु पर छानबीन कर रही है।