रायपुर।प्रदेश भर में मानसून द्रोणिका के प्रभाव से वर्षा शुरू हो गई है। पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार वर्षा के चलते पारे में गिरावट आई है और उमस से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग का कहना है कि गुरुवार को बादल छाए रहने के साथ ही वर्षा की संभावना है। प्रदेशभर में 12 जुलाई तक की स्थिति में 321.2 मिमी वर्षा हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को कुछ जिलों में भारी वर्षा की संभावना तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है।बीते पांच दिनों से हो रही भारी वर्षा से राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। बीजापुर से होकर निजामाबाद जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 163 बीते पांच दिन से बंद है। विजयवाड़ा तक जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग 30 दो दिन से बंद है। वाहनों की लंबी कतारें लगी हैं। हाइवे पर मोटरबोट चल रही है।