जयपुर ।  लाल डायरी को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले बर्खास्त मंत्री और कांग्रेस विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने शनिवार को शिंदे गुट की शिवसेना का दामन थाम लिया। महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे की उपस्थित में उन्होंने पार्टी जॉइन की। गुढ़ा के बेटे के जन्मदिन पर उदयपुरवाटी में आयोजित कार्यक्रम में एकनाथ शिंदे ने उन्हें पार्टी में शामिल किया। उन्हें समन्वयक (कॉर्डिनेटर) की जिम्मेदारी दी गई है। शिंदे ने इस मौके पर अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने एक साल पहले यहीं पर कहा था कि गुढ़ा के कारण मैं मुख्यमंत्री हूं, फिर उन्हीं को बर्खास्त कर दिया।