राजस्थान में शीतलहर से सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। शेखावाटी अंचल में शीतलहर का सबसे ज्यादा असर देखने को मिला। वहीं मौसम विभाग ने आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई है। पिछले 24 घंटे में फतेहपुर, सीकर, श्रीगंगानगर, बीकानेर और आस-पास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रदेश में गुरुवार को सर्द हवाओं ने लोगों को खूब सताया।शीतलहर के कारण ठिठुरन बरकरार है। गंगानगर, बीकानेर, हनुमानगढ़ चूरू, झुंझुनू में कोहरे के कारण यहां लोगों को रात के साथ ही दिन में भी अब गलन भरी सर्दी से कंपकपी छूटने लगी है। वहीं माउंट आबू में करीब 17 दिन बाद पारा शून्य पर लुढ़क गया है। इस कारण मैदानी क्षेत्र, गाड़ियों और घास पर बर्फ जमी नजर आई। बीकानेर संभाग और आसपास के क्षेत्रों में शुक्रवार को भी घना कोहरा रहा। 

पिछले 24 घंटों में सबसे कम न्यूनतम तापमान चूरू में 4.2 डिग्री सेल्सियस और श्रीगंगानगर में सबसे कम अधिकतम तापमान 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार-पांच दिनों के दौरान राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। बीकानेर संभाग में अभी भी आगामी 24 घंटों के दौरान मध्यम से घना कोहरा और दर्ज होने की संभावना है। राज्य के उत्तरी भागों में आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट होने से शीतलहर दर्ज होने की संभावना है।