इस्लामाबाद । पाकिस्तान ने चंद्रयान-3 के लाइव प्रसारण की मांग की है। बता दें ‎कि यह मांग पा‎किस्तान के पूर्व मंत्री फवाद चौधरी ने की है, जिन्होंने एक बार भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), विशेष रूप से इसके चंद्रयान -2 का मजाक भी उड़ाया था। अब उन्होंने चंद्रयान -3 मिशन को मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण करार दिया। उन्होंने चंद्र मिशन पर भारतीय वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष समुदाय को बधाई दी। पूर्ववर्ती इमरान खान सरकार में पूर्व सूचना एवं प्रसारण मंत्री फवाद चौधरी ने कहा कि पाकिस्तान के सभी मीडिया घरानों को आज शाम 6:15 बजे (स्थानीय समय) चंद्रयान-3 की लैंडिंग का प्रसारण करना चाहिए। उन्होंने एक्स पर लिखा कि पाकिस्तानी मीडिया बुधवार शाम 6:15 बजे चंद्रयान की चंद्रमा पर लैंडिंग को लाइव दिखाए। मानव जाति के लिए ऐतिहासिक क्षण, विशेष रूप से भारत के लोगों, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष समुदाय के लिए बहुत-बहुत बधाई भी दी है। 
इसरो के चंद्रयान-3 के लिए फवाद चौधरी की अचानक प्रशंसा पिछले महीने सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आने के बाद आई, जहां पाकिस्तानी नेता भारत के चंद्रमा मिशनों पर कटाक्ष करते नजर आए। बीते दिनों सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था। ये वीडियो किसी पाकिस्तानी न्यूज चैनल का बताया गया। वीडियो में दिख रहा कि फवाद चौधरी चांद की बात करते हुए न्यूज एंकर को कहते है कि हमारी साइंस एंड टेक्नोलॉजी मिनिस्ट्री का एक प्वाइंट ऑफ व्यू है। चांद को लेकर इतना पापड़ क्यों बेलना। चांद तो सामने ही नजर आ जाता है।