मणिपुर से मुंबई तक राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' पर भाजपा नेता निशिकांत दुबे के कटाक्ष पर झारखंड में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने पलटवार किया है। उन्होंने निशिकांत दुबे पर निशाना साधते हुए कहा कि वे डरे हुए हैं, इसलिए ऐसे बयान दे रहे हैं। 

राजेश ठाकुर ने कहा, 'उन्हें (निशिकांत दुबे) कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है। वह ऐसी बातें कहते रहते हैं, लेकिन उन्हें क्या पता कि राहुल गांधी कहां जा रहे हैं? वह डरे हुए हैं और इसी वजह से ऐसे बयान दे रहे हैं। वह इस बात से डर रहे हैं कि अगर राहुल गांधी उनके क्षेत्र में आ गए तो वह कहां जाएंगे? वे अकेले ऐसे नहीं है जिन्होंने ऐसा बयान दिया है। अन्य केंद्रीय मंत्री भी ऐसे बयान दे रहे हैं। जब भी परेशान होते हैं तो ऐसे बयान देते हैं।'

निशिकांत दुबे का बयान

दरअसल, राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' में झारखंड के गोड्डा और देवघर जिले को शामिल नहीं किया गया, जिसके बाद मंत्री निशिकांत ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि 'शायद राहुल गांधी मुझसे बहुत प्यार करते हैं।' गोड्डा लोकसभा क्षेत्र से सांसद निशिकांत दुबे ने सुझाव दिया कि राहुल गांधी चुनाव के दौरान धर्मनिरपेक्ष दिखने के लिए झारखंड के दो जिलों से बच सकते हैं। उन्होंने कहा, 'हो सकता है कि राहुल गांधी मुझसे बहुत प्यार करते हों, इसलिए वह अपनी भारत जोड़ो यात्रा में गोड्डा लोकसभा क्षेत्र में नहीं जा रहे हैं।' 

14 जनवरी से शुरू होगी भारत जोड़ो न्याय यात्रा

बता दें कि भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को इंफाल से शुरू होगी और 100 लोकसभा क्षेत्रों सहित 337 विधानसभा क्षेत्रों और 110 जिलों को कवर करते हुए 6,713 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इसके बाद अंत में मार्च 20 या 21 तारीख को मुंबई में इसका समापन हो जाएगा।