जयपुर । कांग्रेस लोकसभा के प्रचार के दौरान भाजपा पर संविधान और आरक्षण को लेकर जमकर निशाना साधा रही है। कांग्रेस की ओर से प्रचार किया जा रहा है कि देश में फिर से भाजपा सरकार के आने पर वह देश का संविधान बदलने के साथ ही आरक्षण खत्म कर देगी।  इस संबंध में पीएम मोदी भी लगातार बयान दे रहे हैं।

वह लगातार कह रहे हैं कि संविधान को कोई भी नहीं बदल सकता है। वहीं आरक्षण को भी समाप्त नहीं किया जाएगा। अब संविधान को लेकर राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम मोदी की बात को दोहराया है। उन्होंने हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र (झारखंड) में आयोजित नामांकन सह आशीर्वाद सभा में कहा कि किसी में भी संविधान को बदलने और आरक्षण खत्म करने की ताकत नहीं है। 

भाजपा के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने का किया आह्वान

राजस्थान के सीएम भजनलाल ने इस संबंध ट्वीट भी किया है। उन्होंने बुधवार को ट्वीट किया कि  हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र की देवतुल्य जनता-जनार्दन का आशीर्वाद - भाजपा के साथ। आज झारखंड के हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी मनीष जयसवाल की नामांकन सह आशीर्वाद सभा को संबोधित किया व देवतुल्य जनता जनार्दन से उन्हें विजयश्री का आशीष प्रदान करते हुए भाजपा के पक्ष में अधिकाधिक मतदान करने का आह्वान किया। 

सुशासन, सुरक्षा और विकास का कमल खिलना शत-प्रतिशत तय

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के उद्देश्य से सभा में उमड़ा यह अपार जन सिंधु इस बात की गारंटी है कि हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र सहित झारखंड के हर बूथ पर सुशासन, सुरक्षा और विकास का कमल खिलना शत-प्रतिशत तय है। लहर प्रबल है, चहुंओर कमल है।