झारखंड में कई जिलों में मानसून सक्रिय है। इसके प्रभाव से भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार, 22 अगस्त को झारखंड के उत्तर-पूर्वी और उत्तर-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 23 और 24 अगस्त को भी राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों गुमला, सिमडेगा, खूंटी, प सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी बारिश के आसार हैं। इस दौरान गर्जन और वज्रपात की भी संभावना है। विभाग ने इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

आज कैसा रहेगा रांची का मौसम?

आज रांची में आमतौर पर आकाश में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। प्रदेश में 28 अगस्त तक बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान राजधानी सहित कई जिलों में दिन में दो से तीन बार बारिश होगी।

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला का मौसम

चाईबासा, जमशेदपुर और सरायकेला क्षेत्र में सोमवार को दिन भर आसमान में बादल छाये रहेंगे। शाम के समय वज्रपात के साथ तेज वर्षा की भी संभावना है।

पलामू, गढ़वा व लातेहार का मौसम

पलामू, गढ़वा व लातेहार में वर्षा नहीं हुई। इससे ताममान में बढ़ोतरी हुई है, जिसके चलते लोगों को उमस भरी गर्मी से परेशानी हुई। रविवार को अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कई दिनों मौसम का मिजाज ऐसा ही रहेगा।

चतरा व कोडरमा का मौसम

चतरा में सोमवार को वर्षा की संभावना है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा। वहीं, कोडरमा में धूप निकलेगी। कभी-कभी बादल छाए रह सकते हैं। अगले पांच दिनों में तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।