मोतीपुर । कथैया के जगदवन छपरा गांव में शुक्रवार की देर रात एक विवाहिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी। मृतका बाल्मीकि सिंह की 30 वर्षीया पत्नी प्रियंका कुमारी है। उसके 2 बच्चे हैं। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में मृतिका की जेठानी को हिरासत में लिया है। 
जानकारी के अनुसार प्रियंका का पति बाल्मीकि सिंह दूसरे प्रदेश में रहकर मजदूरी करते हैं। फिलहाल वह बिहार में हैं। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की शाम प्रियंका कुमारी खाना बनाने के लिए अपने घर में सब्जी काट रही थी। उसी वक्त उसको पीट-पीट कर मौत के घाट उतार दिया गया। घटना के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची जा रही थी इसी बीच कथैया पुलिस को घटना की जानकारी मिली। उसके बाद थानाध्यक्ष आदित्य कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतिका के शव को उसके घर से बरामद कर लिया गया है। थानाध्यक्ष आदित्य कुमार ने बताया कि शव को जब्त कर पोस्टमार्तम में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। जांच की जा रही है।