लुधियाना । लुधियाना में एक कैश मैनेजमेंट कंपनी से 7 करोड़ रुपये की लूट हो गई। हालां‎कि पुलिस भी इस डकैती के तरीके से हैरान है। बिल्कुल फिल्मी स्टाइल में 7 या 8 नकाबपोश पहुंचे और मिनटों में कैश बटोरकर फरार भी हो गए। बताया जा रहा है कि इस डकैती में एक महिला भी शामिल थी जो कि गैंग की लीडर भी हो सकती है। न्यू राजगुरु नगर के अमन पार्क में सीएमएस-कनेक्टिक कॉमर्स में यह लूट की घटना हुई। 
पुलिस ने कहा कि 7 या आठ लुटेरों में एक महिला शामिल थी। दो लुटेरे पीछे के दरवाजे और बाकी आगे के दरवाजे से दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने पांच कर्मचारियों को बंदूक की नोक पर बंधक बना लिया। उन्होंने वहां से चार करोड रुपये निकाल लिए और इसके बाद बाहर खड़ी कैश वैन से फरार हो गए। इस कैश वैन में भी 3 करोड़ रुपये थे। एटीएम में भरने के लिए यह कैश ले जाया जाना था। लेकिन पहले ही लुटेरे इसे ले उड़े। 
लुधियाना पुलिस कमिश्नर मनदीप सिंह सिद्धू ने कहा कि यह घटना रात 1 से 2.30 बजे के बीच की है। वहीं पुलिस को इसकी जानकारी सुबह 7 बजे दी गई। 
कर्मचारियों के मुताबिक डकैती डालने वालों में एक महिला भी शा‎मिल थी। लुटेरे अपने साथ कैश, डीवीआर और सीसीटीवी कैमरे भी लेकर फरार हो गए।  उन्होंने कहा कि कंपनी से क्लाउड स्टोरेज रिकॉर्डिंग उपलब्ध करवाने को कहा गया है। पुलिस ने कहा कि बाद में लुधियाना फिरोजपुर रोड पर कैश वैन मिल गई लेकिन इसमें कैश नहीं था। पुलिस ने कहा कि कंपनी ने कैश को असुरक्षित तरीके से रखा था। यह किसी लॉकर में नहीं रखा गया था। उन्होंने कहा, कर्मचारियों का कहना है कि सभी लुटेरों के पास कृपाण था। इसके अलावा उन्होंने रात में ड्यूटी पर मौजूद गार्ड से दो हथियार छीन लिए थे। कैश लूटने के बाद वे दोनों बंदूक वहीं छोड़कर भाग गए। कैश वैन से बाद में तीन और हथियार बरामद किए गए। कंपनी के गार्ड से भी ओवरवर्क करवाया जा रहा था। वे इस बारे में बहुत कुछ बता भी नहीं पाए।