प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में देश के विकास को गति मिली
कांग्रेस को राम मंदिर बनने का दुख - डॉ. महेंद्र सिंह


भोपाल । भारत में भारतीय जनता पार्टी ही एक मात्र राजनीतिक दल है जो देश का विकास करती है। बाकी राजनीतिक दल खुद का विकास करते हैं। कांग्रेस पार्टी ने देश में वर्षों तक शासन किया, लेकिन उसने देश की गरीबी हटाने और गरीबों का कल्याण करने के लिए कोई कार्य नहीं किया। गरीबों, किसानों, युवाओं और समाज के हर जाति वर्ग के विकास और कल्याण की चिंता अगर किसी ने की है तो भाजपा सरकार ने ही किया है। 2014 में नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश की विकास को गति मिली। आज देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। यह बात प्रदेश के लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह ने बुधवार को मध्य विधानसभा क्षेत्र में लोकसभा चुनाव कार्यालय का उदघाटन करते हुए कही। कार्यक्रम को पूर्व मंत्री कमल पटेल, भाजपा प्रत्याशी आलोक शर्मा एवं जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी ने भी संबोधित किया। डॉ. सिंह ने सीहोर जिले के बुधनी विधानसभा के सलकनपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को भी संबोधित किया।
डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भाजपा की डबल इंजन सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया है और हर पात्र व्यक्ति को इन योजनाओं का लाभ मिल सके, यह सुनिश्चित किया है। उन्होंने कहा कि यह इन्हीं परिश्रमी और लगनशील कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। कार्यकर्ताओं के परिश्रम के बल पर भारतीय जनता पार्टी लोकसभा चुनाव में प्रचंड जीत हासिल करेगी। डॉ. सिंह ने कहा कि भगवान श्री राम के मंदिर के लिए 500 सालों तक संघर्ष चला। 70 सालों तक यह मामला कोर्ट में चला और सु्प्रीम कोर्ट से फैसला हुआ। लेकिन कांग्रेस के पेट में दर्द हो रहा है कि मंदिर क्यों बन गया? कांग्रेस के नेता रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण ठुकराते हैं।
इस अवसर पर पूर्व विधायक धु्रवनारायण सिंह, सत्यार्थ अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी राजेंद्र गुप्ता, भाषित दीक्षित, इंद्रजीत राजपूत, अशोक सैनी, सचिन बब्बा सहित बड़ी संख्या कार्यकर्ता उपस्थित रहे।