रांची: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए तारीखों का एलान कल यानी कि शनिवार को होने वाला है। चुनाव आयोग की तरफ से कल शाम के तीन बजे संवाददाता सम्‍मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में चुनाव की तारीखों ( Lok Sabha Election 2024 Date) की घोषणा की जाएगी। पिछली बार यानी कि साल 2019 में 10 मार्च को चुनाव के लिए तारीखों का एलान किया गया था। यह रविवार का दिन था। 
झारखंड में 14 सीटों पर होगा चुनाव
आयोग के इस एलान के साथ ही चारों ओर हलचल शुरू हो गई है। सभी राजनीतिक पार्टियां आगामी चुनाव में जीत हासिल करने के लिए रणनीति बनाने में जुटी हुई हैं। अब बस चंद घंटे ही बचे हैं और चुनाव के लिए तारीखों का एलान हो जाएगा। झारखंड में 14 लोकसभा सीटों पर चुनाव होना है।


यहां पिछली बार चार चरणों में वोटिंग हुई थी। चूंकि पिछले कुछ महीनों से यहां की राजनीति में उथल-पुथल मचा हुआ है, ऐसे में राजनीतिक पार्टियों का ध्‍यान खासकर यहां बना हुआ है। अब देखने वाली बात यह है कि चुनावी जंग में कौन जीत का परचम लहराएगा और किसे खाली हाथ लौटना पड़ेगा। इन्‍हीं सबके बीच आइए जानते हैं कि साल 2019 में झारखंड में कब-कब वोटिंग हुई थी। 

2019 में झारखंड में कब-कब वोटिंग हुई थी
लोकसभा चुनाव 2019 में झारखंड में चार चरणों में वोटिंग हुई थी। यहां की 14 लोकसभा सीटों के चुनाव में भाजपा ने जबरदस्‍त प्रदर्शन किया है। भाजपा-आजसू गठबंधन ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की थी।

पहले चरण की वोटिंग: 29 अप्रैल 2019 (तीन सीट)
चतरा, लोहारदगा, पलामू

दूसरे चरण की वोटिंग: 06 मई 2019 (चार सीट)
कोडरमा, रांची, खूंटी, हजारीबाग

तीसरे चरण की वोटिंग: 12 मई 2019 (चार सीट)
गिरीडीह, धनबाद, जमशेदपुर, सिंहभूम

चौथे चरण की वोटिंग: 19 मई 2019 (तीन सीट)
राजमहल, दुमका, गोड्डा