छत्तीसगढ़ में कांकेर के भानुप्रतापपुर उप चुनाव की तारीख नजदीक आते-आते आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। एनएसयूआई महासचिव के दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के बाद भाजपा के निशाने पर आई कांग्रेस ने पलटवार किया है। छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम पर नाबालिग से गैंगरेप और देह व्यापार में धकेलने का आरोप लगाया है।

कांकेर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मोहन मरकामन ने कहा कि, भाजपा की ओर से उपचुनाव में प्रत्याशी बनाए गए ब्रह्मानंद नेताम पर झारखंड के जमशेदपुर में टेल्को थाने में केस दर्ज है। यह FIR मई 2019 में धारा 366 a, 376(3), 376ab, 376ad, 120b।4/6 पास्को के तहत दर्ज कराई गई है। उस समय राज्य में भाजपा के रघुवर दास की सरकार थी। मरकाम ने कहा, पुलिस ने पहले पांच को नामजद किया था। जांच के बाद फिर 10 से 12 आरोपी सामने आए, इनमें भाजपा प्रत्याशी भी शामिल हैं।

 पीसीसी चीफ मरकाम ने कहा कि, झारखंड पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ के बाद जांच आगे बढ़ाई तो इसमें ब्रह्मानंद नेताम के नाम का खुलासा हुआ है। झारखंड पुलिस ने पांच आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि, भाजपा प्रत्याशी की गिरफ्तारी कभी भी हो सकती है। अगर भाजपा माता और बहनों की इज्जत करती है, तो उन्हें तत्काल ब्रह्मानंद नेताम का प्रचार करना बंद कर देना चाहिए।

मोहन मरकाम ने कहा कि, भाजपा प्रत्याशी ने इस एफआईआर का जिक्र निर्वाचन पत्र में नहीं किया है। कहा कि भाजपा प्रत्याशी के इस कृत्य से पूरे छत्तीसगढ़ का सिर शर्म से झुक गया है। दुष्कर्म के एक आरोपी को भाजपा ने अपना उम्मीदवार बना दिया है। ये गैंगरेप के आरोपी को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि, एनएसयूआई कार्यकर्ता पर जैसे ही रेप के आरोप लगे, उन पर कार्रवाई की गई, लेकिन भाजपा ने दुष्कर्म के आरोपी को ही प्रत्याशी बना लिया।
 
मामला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इसे लेकर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, 15 साल की बच्ची के बलात्कार और देह व्यापार में धकेले जाने के मामले के एक अभियुक्त ब्रह्मानंद नेताम को भाजपा ने भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी बनाया है। भाजपा प्रत्याशी ने झारखंड में पॉक्सो एक्ट में दर्ज अपराध को निर्वाचन शपथ पत्र में किसके कहने पर छुपाया?

वहीं दूसरी ओर भाजपा उम्मीदवार ब्रह्मानंद नेताम ने आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि, मैं कभी जमशेदपुर नहीं गया। भानुप्रतापपुर विधानसभा उपचुनाव हो रहा है, तो मरकाम जी मुझपर लांक्षन लगा रहे हैं। ये उनके हारने का प्रतीक है। उनकी मंशा है कि साम, दाम लगाकर कैसे जीतें। अगर वे सेमीफाइनल हार जाते हैं, तो अगला आम चुनाव भी हारेंगे। ये चुनाव के डर से ऐसा आरोप लगा रहे हैं।