धनबाद बोकारो मुख्य मार्ग में महुदा मोड़ के समीप रविवार की शाम एक बोलेरो पिकअप वैन के द्वारा मोटरसाइकिल सवार को पीछे से धक्का मारने से उसमें सवार एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे एम्बुलेंस के माध्यम से बीजीएच ले जाया गया। वहां पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बाइक के मेन रोड पकड़ते ही बोलेरो ने मारी टक्‍कर
मृतकों का नाम सुरेश महतो (उम्र 40 वर्ष) तथा प्रदीप महतो (61 वर्ष) है, दोनों जोड़ापोखर जामाडोबा के रहने वाले हैं। घटना के संबंध में स्थानिय लोगों ने बताया कि मोटरसाइकिल (सं.Jh10j-0337) में सवार व्यक्ति अपने रिश्तेदार के यहां दुगदा जा रहे थे। महुदा मोड़ पेट्रोल पम्प से तेल लेकर दोनों ने जैसे ही मेन रोड पकड़ा, उसी दौरान अचानक एक बोलेरो पिकअप वैन तेज रफ्तार से आकर पीछे से टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल सवार दोनों व्यक्ति दूर जा गिरे।

दुर्घटना के बाद पिकअप वैन हुआ फरार
पिकअप वैन टक्कर मारने के बाद बोकारो की ओर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने दोनों को उठाया। तब तक सुरेश महतो की मौत हो चुकी थी और प्रदीप महतो गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसकी धड़कन चल रही थी। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना महुदा पुलिस को दी गई। सुचना पाकर महुदा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और बोकारो की ओर जा रही एक एंबुलेंस को रोककर उसमें दोनों को स्ट्रेचर में लादकर बीजीएच भेजा।

पुलिस ने फरार पिकअप वैन को धर दबोचा
इधर महुदा पुलिस ने दुरभाष के माध्यम से बोकारो के सभी थानों को बोलेरो पिकअप वैन को पकड़ने के लिए सूचित किया। थोड़ी देर में ही वह बोलेरो पिकअप वेन दुगदा स्थित बोकारो झरिया ओपी के द्वारा पकड़ा गया और उसे महुदा थाना लाया गया। इधर दोनों के परिजनों बीजीएच से दोनों शवों को लेकर देर शाम वापस महुदा थाना पहुंंचे। यहां महुदा पुलिस द्वारा शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। मृतक सुरेश महतो एसआईएस कम्पनी में सुरक्षा गार्ड का काम करता था। जबकि प्रदीप महतो टाटा जामाडोबा से सेवानिवृत हो चुके थे।