झारखंड में राज्य सरकार की ओर से सकारात्मक पहल नहीं होने के कारण कई स्थानों पर रेलवे की परियोजनाओं पर काम नहीं हो पा रहा है। यह जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने बुधवार को लोकसभा में दी।

सांसद संजय सेठ के सवाल पर रेल मंत्री का जवाब

वह रांची के सांसद संजय सेठ के सवाल का जवाब दे रहे थे। सांसद ने सवाल पूछा था कि रांची में रेलवे द्वारा कितने स्थान पर अंडरपास या रेलवे ऊपरी पुलों का निर्माण किया जाना है। उनकी संख्या क्या है। सांसद ने पिछले एक वर्ष के दौरान रांची और हटिया रेलवे स्टेशन से प्राप्त हुए राजस्व की भी जानकारी मांगी थी।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि रांची लोकसभा क्षेत्र में 6 ओवरब्रिज का निर्माण होना है, जिसमें तीन रोड ओवरब्रिज हैं। इसके अलावा 12 अंडरपास का भी निर्माण होना है। इसके आयोजन, प्रकरण और निष्पादन की कार्रवाई अलग-अलग चरणों में चल रही है।

रेलवे का काम पूरा, राज्‍य सरकार का काम अधूरा: रेल मंत्री

उन्‍होंने कहा कि रांची में चुटिया पावर हाउस के पास नामकुम रांची स्टेशन के बीच रेलवे फाटक के स्थान पर रोड ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है परंतु राज्य सरकार द्वारा इसे अभी तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है।

इसके अलावा रांची पिस्का के पास नया सराय में रेल फाटक के समीप रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण पूरा करना है। यहां पर रेलवे द्वारा अपने हिस्से का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष कार्य राज्य सरकार द्वारा किया जाना है, जो नहीं किया गया है।

वहीं रांची के ही मेकान कालोनी में एक अंडर ब्रिज का निर्माण रेलवे द्वारा पूर्ण किया गया है। शेष कार्य राज्य सरकार द्वारा किया जाना है। यह भी अभी तक पूर्ण नहीं किया जा सका है।

रेल मंत्री ने सदन को दी इस बात की भी जानकारी

केंद्रीय मंत्री ने सांसद को सदन में यह भी बताया कि मुरी जंक्शन के समीप 5.9 किलोमीटर लंबे सिलाई इलू बाईपास रेल लाइन के निर्माण के लिए अंतिम स्थान निर्धारण सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसका डीपीआर भी तैयार हो चुका है।

उन्होंने बताया कि पिछले एक वर्ष के दौरान रांची रेलवे स्टेशन से रेलवे को 45 करोड़ 25 लाख 44543 और हटिया रेलवे स्टेशन से 30 करोड़ 64 लाख 29738 रुपये के राजस्व की प्राप्ति हुई है। यह राजस्व यात्री सेवा और माल ढुलाई सहित कई अन्य कार्यों से प्राप्त हुआ है।

नई रेलगाड़िया समय पर उपलब्‍ध कराई जाएंगी: रेल मंत्री

केंद्रीय मंत्री ने संसद को यह भी बताया कि वर्तमान समय में रांची और हटिया रेलवे स्टेशन से क्रमशः 104 और 52 रेलगाड़ी की सुविधा उपलब्ध है।

इसके अतिरिक्त वर्ष 2023 में रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस, रांची-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और रांची-न्यू गिरिडीह एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें शामिल हैं। नई रेलगाड़ियों की शुरुआत रेलवे की एक प्रक्रिया है, आवश्यकता अनुसार उपलब्धता भी सुनिश्चित की जाएगी।