रोहतक-पानीपत हाईवे पर सोमवार अलसुबह चार बजे सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। हादसे की वजह बनी ओवरस्पीड बाइक का बैलेंस बिगड़ना। बैलेंस बिगड़ने के बाद बाइक फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। इसमें सोनीपत के मदीना आहुलाना निवासी 22 वर्षीय दीपक की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं उसका साथी रोहतक की सैनिक कालोनी का अनिश गंभीर रूप से घायल हो गया। अनिल बाइक समेत फ्लाईओवर से नीचे गिर गया था। दीपक फ्लाईओवर का सिर फ्लाईओवर की रेलिंग से टकरा गया था। वो पुल के ऊपर ही गिर गया। मामले में सदर थाना पुलिस ने दीपक के स्वजनों के बयान पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना की सूचना पुलिस को कुछ राहगीरों से मिली थी। उन्होंने मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों को बताया था कि दोनों युवक प्लसर 220 सीसी बाइक पर सवार थे। दोनों काफी ओवरस्पीड होकर रोहतक से गोहाना की ओर जा रहे थे। बाइक फ्लाईओवर पर चढ़ते समय एक टर्न पर अनबैलेंस हो गई। इसके बाद वो फुटपाथ से टकराकर उझली और बाइक सवार युवक रेलिंग से टकरा गए। इसी बीच एक युवक पुल से नीचे गिर गया।

मृतक दीपक मदीना आहुलाना गांव का रहने वाला था। इन दिनों वाे रोहतक की सैनिक कालोनी में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। शहर की ही एक फैक्टरी में काम करता था। स्वजनों के अनुसार उसकी अनिश के साथ दोस्ती थी। दोनों गांव आने के लिए अलसुबह बाइक पर रवाना हुए थे। सदर थाना पुलिस ने दीपक के शव का सोमवार दोपहर को पोस्टमार्टम करा उसे अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों के हवाले कर दिया।