चंडीगढ़ | पंजाब के पूर्व वित्त मंत्री पंजाब और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनप्रीत सिंह बादल भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को इस्तीफा दे दिया है। भारत जोड़ो यात्रा के बीच पंजाब में कांग्रेस को झटका लगा है। मनप्रीत सिंह बादल पूर्व में अकाली-भाजपा सरकार के दौरान और फिर कांग्रेस शासन काल में भी वित्त मंत्री रह चुके हैं।पिछले विस चुनाव में कांग्रेस पार्टी के हारने के बाद मनप्रीत सिंह बादल सियासत में अधिक सरगर्म नहीं नजर आ रहे थे।

राहुल गांधी की भारत छोड़ो यात्रा के पंजाब दौरे में कहीं भी मनप्रीत सिंह बादल नजर नहीं आए।गौर हो कि मनप्रीत सिंह बादल मालवा के दिगगज कांग्रेस नेता हैं और उनकी मौजूदा पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग के साथ अनबन सबके सामने है। बताया जा रहा है कि मनप्रीत सिंह बादल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलने दिल्ली पहुंचे और भाजपा में अधिकारिक रूप से शामिल हो गए हैं।
पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद से कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है।

जहां चुनावों से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी का साथ छोड़ा था। वहीं इससे पहले दिग्गज नेता सुनील जाखड़ भी पार्टी को अलविदा कह चुके हैं। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल ही पंजाब से हिमाचल पहुंची है। इस बीच राहुल की यात्रा के जाते ही मनप्रीत बादल के इस्तीफे से कांग्रेस को झटका लगा है।

दिलचस्प यह है कि कांग्रेस को नया नेशनल प्रेजीडेंट मिल चुका है। फिर भी मनप्रीत सिंह बादल ने कांग्रेस पार्टी से अपना इस्तीफा राहुल गांधी को भेजा है। अंग्रेजी में लिखे दो पेज के इस्तीफे में मनप्रीत सिंह बादल ने पंजाब के मौजूदा नेतृत्त्व पर कई सवाल खड़े किए हैं। मनप्रीत सिंह बादल अकाली दल छोड़कर पीपीपी बनाते हुए उसे कांग्रेस में मर्ज करके शामिल हुए थे, जिसका जिक्र अब उन्होंने इस्तीफे में भी किया है। बहरहाल कैप्टन अमरिंदर सिंह जैसे दिग्गज के बाद अब कांग्रेस के एक और बड़े नेता के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को बड़ा झटका लग सकता है।