पंजाब : कड़ाके की ठंड और शीत लहर ने पूरे पंजाब को अपनी चपेट में ले लिया है। पठानकोट में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस रहा। आज आमतौर पर बादल छाए रहेंगे।

पंजाब के आठ शहर शिमला से ज्यादा ठंडे चल रहे हैं। गुरुवार को शिमला का अधिकतम तापमान 15.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पटियाला का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस, अमृतसर 13.0, बठिंडा 14.2, जालंधर 12.3, पठानकोट 12.0, लुधियाना 11.6, फिरोजपुर 14.2 और गुरदासपुर का 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए पंजाब में यलो अलर्ट जारी किया है।

सात जनवरी से लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। पहला पश्चिमी विक्षोभ सात जनवरी से आएगा। इससे पहाड़ों में आठ से दस जनवरी तक बारिश और बर्फबारी होगी। उसके बाद 12 जनवरी को दूसरा विक्षोभ आएगा। इससे भी बारिश व बर्फबारी होगी। इस दौरान ठंडी हवाएं रुकेगी और मैदानी इलाकों में रात के तापमान में वृद्धि होगी। इससे लोगों को कड़ाके की सर्दी से थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद फिर से बर्फीली हवाएं आएंगी। इससे तापमान और नीचे आएंगे।