राजधानी में छठ पूजा पर मौसम पूरी तरह से सुहावना रहेगा। दिन में धूप खिली रहेगी। सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा।

इसके बाद धीरे-धीरे मौसम सामान्य होगा और दिनभर हल्के बादल छाए रहेंगे। मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि रविवार को पश्चिम बंगाल की खाड़ी में साइक्लोन बनने की संभावना है।

यह साइक्लोन पश्चिम बंगाल के खेपूपाड़ा में टाकराने के बाद स्वत: समाप्त हो जाएगा। हालांकि इसका असर झारखंड में देखने को नहीं मिलेगा। इसके अलावा राजधानी में छठ पूजा के बाद न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस कम होने की संभावना है।

अगले पांच दिनों तक मौसम में दिखेगा बदलाव

राजधानी में अगले पांच दिनों तक मौसम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राजधानी में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। न्यूनतम तापमान 3-4 डिग्री सेल्सियस कम होने की संभावना है। साथ ही कनकनी बढ़ेगी।

इसके सबसे ज्यादा असर कांके क्षेत्र में देखने को मिलेगा। राजधानी में शनिवार को रांची का अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया है। इसके अलावा राज्य के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है।