सागर  ।  पति-पत्नी व परिवार के बीच रिश्ते में आई दरार के चलते दंपती सालों से अलग रह रहे थे। विवाद को सुलझाने के लिए कोर्ट की शरण ली तो यहां भी चक्‍कर लगा रहे थे। इसी बीच शनिवार को लोक अदालत आयोजित की गई, जहां न्यायाधीशों व अधिवक्ताओं ने कई परिवारों का सालों पुराना विवाद सुलझा दिया। जिला न्यायाधीश अरुण कुमार सिंह ने पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद की वजह सुनी। उन्हें समझादश दी और राजीनामा कराकर इन परिवारों के बीच सालों से चली आ रही दूरी को मिनटों में खत्म करा दिया। जिला न्यायाधीश सिंह के समक्ष इन जोड़ों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर जीवनभर साथ रहने की बात कही। वहीं जीवन की पारी को नए शुरू से जीने की बात कही। लोक अदालत में आए इन दंपतियों के बीच विवाद भी छोटी-छोटी बातों को लेकर थे। कोई पति शराब अधिक पीता था, जिससे रोजाना विवाद हो रहे थे। तो कई पत्नी अपना अधिकतर वक्त मोबाइल पर ही बीताती थी, इससे पति खफा था। दंपति ने अपनी-अपनी आदत बदलने की बात कही। पति ने कहा कि वह शराब नहीं पीएगा। वहीं पत्नी ने ज्यादा मोबाइल न चलाने की बात मानी, इससे ट्रैक से उतरी रिश्तों के गाड़ी फिर पटरी पर दौड़ने लगी।

शराब के पीने के कारण अक्सर होती थी लड़ाई

मकरोनिया निवासी युवक की शादी पथरिया जाट निवासी युवती से छह साल पहले हुई थी। इनका एक ढाई साल का बच्चा भी है। पति मकरोनिया नपा में फायर ब्रिगेड वाहन चलाता है, लेकिन शराब पीने के कारण परिवार में अक्सर विवाद होता है। इसी के चलते रिश्तों में दरार आ गई थी। पत्नी का कहना है कि पति की शराब के लत से वह परेशान थी। रोजाना मारपीट होती थी। आज लोक अदालत में पति ने शराब नहीं पीने की बात कही है। इसी पर राजीनामा हुआ है। अब हम साथ मिलकर रहेंगे। अपने बच्चे को अच्छी शिक्षा देंगे। पति ने भी पत्नी को माला पहनाकर मिठाई खिलाकर अपने आप को सुधारने की बात कही।

पत्नी के अधिक मोबाइल चलाने से विवाद

कैंट थाना क्षेत्र के बहेरिया साहनी गांव निवासी युवक की शादी सदर में हुई है। पति-पत्नी के बीच विवाद की वजह पत्नी का अधिक मोबाइल चलाना था। पति का कहना है कि पत्नी दिनरात मोबाइल चलाती है। बात करने के अलावा इंटरनेट मीडिया पर व्यस्त रहती है। इसी के चलते दोनों में विवाद हुआ। पत्नी का कहना है कि मोबाइल चलाने पर पति को शक बना रहता है। वे मोबाइल चलाना कम कर देगी। वहीं पति को भी टोकाटाकी बंद करना होगी। दोनों ने अपनी आदत को सुधारने की बात कही। न्यायालय के समथ माला पहनाकर, मिठाई खिलाकर सुखी से दांप्तय जीवन जीने की बात कही।

छोटी-छोटी बातों पर विवाद, पत्नी चली गई थी मायके

दमोह जिले अगरा गांव के युवक की शादी सागर के तालचिरी गांव में हुई थी। पति-पत्नी में अक्सर छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद होता था। इसी बात से नाराज होकर पत्नी अपने मायके आ गई थी। जिला न्यायाधीश के समक्ष पति-पत्नी ने अपनी आदतों में बदलाव करने व किसी के कार्य में हस्तक्षेप न करने की बात कही। पति-पत्नी ने एक साथ रहने पर सहमति जताई। यहां एक-दूसरे को माला पहनाकर एक साथ जीवन की नई पारी की शुरुआत की।

पति बोला- जो घर तोड़ दे, ऐसी शराब से क्या फायदा

राहतगढ़ के युवक की शादी सागर के बहेरिया गांव की युवती से हुई थी। विवाद के बाद पत्नी जब सुसराल पहुंची तो पति के शराब पीने की वजह से वह परेशान होने लगी। शराब के वजह से रोज-रोज झगड़े होने लगे। लोक अदालत में दोनों को समझाइश दी गई। पति ने कहा कि जो घर तोड़ दे ऐसी शराब अब मैं नहीं पीऊंगा। पति के इस निर्णय पर पत्नी भी साथ रहने को तैयार हो गई। दोनों एक-दूसरे को माला पहनाई और साथ रहने का वचन दिया।