नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा अपने 195 प्रत्याशियों के नाम घोषित कर चुकी है। अब दूसरी सूची का बेशब्री से इंतजार हो रहा है। सोमवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में करीब 100 लोगों नामों पर चर्चा होने के बाद सहमति बन गई है। माना जा रहा है कि भाजपा आज या कल अपनी दूसरी सूची घोषित कर देगी।बता दें पहली लिस्ट की तरह दूसरी लिस्ट में भी कई मौजूदा सांसदों के टिकट कटने की चर्चा है। पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे।पी। नड्डा सहित पार्टी के सीनियर नेताओं की मौजूदगी में हुई मीटिंग में 8 राज्यों की करीब 100 सीटों पर बात हुई। अब कैंडिडेट लिस्ट को फाइनल किया जा रहा है। मीटिंग में महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, चंडीगढ़ , तमिलनाडु की सीटों पर चर्चा की गई। भाजपा के कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र येदियुरप्पा ने दावा किया कि केंद्रीय चुनाव कमिटी की बैठक में कर्नाटक की सभी 28 सीटों पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि जेडीएस के साथ गठबंधन को लेकर मीटिंग में चर्चा नहीं हुई। सिर्फ भाजपा उम्मीदवारों पर ही बात हुई। उन्होंने कहा कि जेडीए को कर्नाटक में 3 सीटें देनी हैं, लेकिन उन्हें कौन-सी तीन सीटें देंगे इसे लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है।