बिहार के उप मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव शनिवार को झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन से मिलने उनके आवास पर पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। 

तेजस्वी यादव के रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। वे रांची में आरजेडी के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे। हवाई अड्डे पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए यादव ने कहा कि हमारा मानना है कि क्षेत्रीय पार्टियां जहां भी मजबूत हों, उन्हें एकजुट होकर सांप्रदायिक ताकतों के खिलाफ लड़ना चाहिए। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी चाहते हैं कि सभी विपक्षी पार्टियों को चुनाव मिलकर लड़ना चाहिए और केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार को उखाड़ फेंकना चाहिए।

हेमंत सोरेन ने भी किया ट्वीट
 वहीं, तेजस्वी यादव से मुलाकात के बाद हेमंत सोरेन ने भी ट्वीट किया। उन्होंने लिखा ‘बिहार राज्य के उप मुख्यमंत्री, भाई तेजस्वी यादव से अपने आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान देश और राज्य से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।’