जयपुर। श्रद्धा वालकर हत्याकांड की तर्ज पर जयपुर में अपनी ताई सरोज देवी की हत्या का आरोपी अनुज शर्मा तीन दिन की पुलिस रिमांड पर है। इस दौरान पुलिस उसे लेकर घटनास्थल और दिल्ली रोड के जंगलों में पहुंची। वहां पुलिस ने सरोज देवी के शव के बचे टुकड़ों को तलाशने की कोशिश की। वहीं आरोपी को घटनास्थल पर ले जाकर शव के टुकड़े करने में काम में लिया गया चाकू बरामद करने का भी प्रयास किया। विद्याधर नगर थानाप्रभारी वीरेन्द्र कुरील की टीम उसे लेकर दोनों जगह पहुंची और अपनी आगे की जांच पड़ताल की।
  वीरेंद्र कुरील के मुताबिक 11 दिसंबर को ताई सरोज देवी की हत्या के बाद अनुज ने लाश को ठिकाने लगाने के लिए पूरे योजनाबद्ध तरीके से काम किया। वह सरोज देवी की हत्या के बाद उसके शव को रसोई घर से घसीटकर बाथरूम में ले गया। उसके बाद वह फ्लैट के लॉक लगाकर नजदीक ही स्थित एक बड़े डिपोर्टमेंटल स्टोर गया। वहां से एक चाकू खरीदकर लाया। उस चाकू से ताई के शव को काटने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हो सका।
  उसके बाद वह विश्वकर्मा इंडस्ट्रियल एरिया में गया। वहां करीब डेढ़ हजार रुपये में पत्थर काटने की मशीन खरीदकर लाया। फिर करीब दो घंटे में अनुज ने ताई सरोज देवी की लाश के 10 टुकड़े किए। बाद में उनको बाल्टी और सूटकेस में भरकर जयपुर से करीब 20 किलोमीटर दूर दिल्ली हाई-वे के जंगलों में फेंक आया। उसके बाद वापस घर आ गया। थानाप्रभारी ने बताया कि इस वारदात के खुलासे में हैडकांस्टेबल देवीलाल और कांस्टेबल मुकेश ने अहम रोल निभाया।
  गौरतलब है कि अनुज अपनी ताई के पास ही रहता था। वारदात के समय घर पर सरोज देवी और अनुज ही थे। सरोज देवी ने उसे बाहर जाने के लिए टोक लिए दिया था। इससे गुस्साए अनुज ने अपनी ताई की हत्या कर दी। दो दिन बाद 11 दिसंबर को वह खुद ही सरोज देवी की गुमशुदगी दर्ज कराने के लिए थाने गया था। उसके बाद जब वह घर की रसोई में लगे खून के धब्बे धो रहा था तो परिजनों को उस पर शक हुआ। उसके बाद जांच में जुटी पुलिस कड़ी से कड़ी जोड़कर अनुज तक जा पहुंची।