हरदा  मां अपने बच्चे के लिए दुनिया से लड़ जाती है, और उसे आंच तक नहीं आने देती। लेकिन हरदा जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कलयुगी मां ने अपने ही कलेजे के टुकड़े का कत्ल कर दिया। यहां के वन स्टॉप सेंटर में महिला ने गला घोंटकर तीन साल के अपने बेटे की जान ले ली।

सेंटर की प्रशासक सूचिता एक्का ने बताया कि जोया (25) पति इमरान खान 16 फरवरी को वन स्टॉप सेंटर में आई थी। उसके साथ उसका बेटा फैज भी था। शनिवार सुबह 10 बजे वह बच्चे के साथ बाथरूम में गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक वह बाहर नहीं आई। कुछ देर बाद अंदर से रोने की आवाज आई। तब कर्मचारी ने रोशनदान से झांककर देखा, तो अंदर जोया अपने बेटे फैज का गला दबा रही थी। जिसके बाद दोनों को फौरन बाहर निकाला गया और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को भी सूचना दी गई।

3 साल पहले पति ने छोड़ दिया था

पुलिस ने बताया कि महिला के पति ने उसे 3 साल पहले छोड़ दिया था। इसके बाद से महिला परेशान थी। वह मजदूरी करके पेट पाल रही थी। उसे वन स्टाॅप सेंटर में आश्रय दिया गया। यहां वह बच्चे के साथ रह रही थी। जानकारी के अनुसार वह किसी से ज्यादा बातचीत नहीं करती थी। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

अमरावती के मुस्लिम युवक से की थी शादी

एसपी मनीष अग्रवाल ने बताया कि महिला का असली नाम मीरा धुर्वे है। उसने अमरावती बरुड़ के रहने वाले इमरान से शादी की थी। वह मूलतः बैतूल जिले के चारचीं की रहने वाली है। इमरान ने तीन साल पहले महिला को छोड़ दिया था। पति भी मजदूरी करता था। शादी के बाद उसने अपना नाम जोया कर लिया। आधार कार्ड में भी यही नाम है।