बांसवाड़ा। बांसवाड़ा पुलिस ने गैंगरेप के तीन आरोपियों को पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। ये करीब 17 दिन पहले एक युवती को उसके भावी पति के सामने से उठाकर ले गए थे। इसके बाद युवती को खेत में ले जाकर इन लोगों ने  उससे गैंगरेप कर उससे साढ़े नौ हजार रुपये भी लूटे थे। घटना के बाद से पुलिस दिन रात आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में एक टीम का गठन भी किया गया था। 3 आरोपियों के पकड़े जाने से पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस का दावा है कि चौथे आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
  गैंगरेप का यह मामला बांसवाड़ा जिले के सज्जनगढ़ थाना इलाके से जुड़ा हुआ है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में अनिल डोडियार अनिल निनामा और राजेश उर्फ कल्याण बामनिया शामिल हैं। अनिल डोडियार सदर थाना इलाके के चौबीसों का पाड़ला का रहने वाला है। अनिल निनामा धनपुरा का और कल्याण मलवासा का रहने वाला है चौथा अभी फरार है।
  थानाधिकारी धनपत सिंह ने बताया कि वारदात 23 नवंबर को हुई थी। इस संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से 25 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पीड़िता अपने मंगेतर के साथ जा रही थी। युवक रास्ते में बाथरूम के लिए रुका। इसी दौरान वहां से गुजर रहे 4 युवकों ने अपनी बाइक उनके आगे लगा दी। आरोपियों ने पहले तो पीड़िता और उसके भावी पति से लूटपाट करके साढ़े नौ हजार रुपये छीन लिए। बाद में आरोपी युवक के सामने ही उसकी मंगेतर को उठाकर ले गए। उन्होंने एक खेत में ले जाकर युवक की मंगेतर से सामूहिक दुष्कर्म किया।
  पीड़िता और युवक जैसे-तैसे करके उनके चंगुल से निकलकर भागे। 2 दिन बाद उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपियों ने पुलिस को काफी छकाया। बदमाशों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने गुवारिया गढ़ी तलवाड़ा चौबीसों का पाड़ला धनपुरा बोरवट और सागड़ोद जैसी जगहों पर दबिशें दी थी। उसके बाद तीन को गिरफ्तार कर लिया है। चौथे की आरोपी की खोज जारी है।