हरियाणा में रोहतक के गांव बोहर में बाइक सवार 3 बदमाशों ने बाप-बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या को मृतक की पत्नी से चल रहे विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। वारदात का पता उस समय लगा जब दोनों बाप-बेटी के शव बुधवार सुबह खून से लथपथ अवस्था में पड़े हुए मिले। मृतकों की पहचान गांव बोहर निवासी सुरेंद्र सिंह (50) व उसकी बेटी निकिता (13) के रूप में हुई है। दोनों के शव घर में अलग-अलग स्थानों पर पड़े हुए थे। सूचना मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। एसपी उदय सिंह मीना खुद घटनास्थल पर पहुंच गए।

मृतक सुरेंद्र सिंह की अपनी पत्नी से अनबन चल रही थी। जिसके कारण उसकी पत्नी भी उससे अलग रहती थी। कई सालों से दोनों अलग-अलग रह रहे थे। वहीं उनका कोर्ट में केस भी चल रहा था। मृतक सुरेंद्र फिलहाल खेतीबाड़ी करके अपने परिवार को पाल रहा था। दोनों बाप-बेटी रात को घर पर ही थे। मृतक सुरेंद्र का शव पशुओं वाले कमरे में पड़ा हुआ मिला है। वहीं उसकी निकिता बेड पर पड़ी हुई मिली। जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि दोनों की हत्या अलग-अलग जगह पर की गई है। फिलहाल मामले में पुलिस जांच चल रही है। इसके बाद ही मामला स्पष्ट होगा।

पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंची
फिलहाल पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुइ है। वहीं फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि घटनास्थल से इस वारदात के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा सकें। वहीं कार्यवाही के बाद शवों को रोहतक PGI में लाया जाएगा। जहां पर उनका डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा।