लोकसभा चुनाव का शंखनाद करने आज झारखंड आएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को धनबाद में सिंदरी स्थिल हर्ल (उर्वरक कारखाना) का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद वो धनबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। बरवड्डा में जनसभा के जरिए प्रधानमंत्री झारखंड में लोकसभा चुनाव की शुरुआत भी करेंगे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के लिए झारखंड प्रदेश भाजपा ने पूरी तैयारी कर ली है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, राज्यसभा सदस्य और प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने कार्यक्रम की सफलता के लिए मंडल स्तर तक के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद किया है। भाजपा को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद राज्य में लोकसभा चुनाव का माहौल भाजपा के पक्ष में तैयार हो जाएगा।
संताल परगना से भी आ रहे हैं कार्यकर्ता
धनबाद की जनसभा में शामिल होने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता दुमका, जामताड़ा, गोड्डा और देवघर से भी आ रहे हैं। पार्टी की योजना है कि प्रधानमंत्री से एक संक्षिप्त मुलाकात के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा जाए।
हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद संताल परगना के आदिवासी वोटों की नाराजगी दूर करने के लिए पार्टी सामाजिक क्षेत्र के कुुछ लोगों को भी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आमंत्रित कर रही है।
आजसू के नेता भी रहेंगे मंच पर
बरवड्डा की जनसभा में गिरिडीह लोकसभा के लोग भी रहेंगे। अभी यहां के सांसद आजसू के चंद्रप्रकाश चौधरी हैं। प्रधानमंत्री की सभा में आजसू के कार्यकर्ता भी सक्रिय हैं। सांसद और विधायक प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे।