जयपुर। जयपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब यहां दो महिलाओं से कस्टम अधिकारियों ने गोल्ड बरामद किया है। दोनों महिलाओं ने अपने रेक्टम में गोल्ड छिपाया हुआ था। सोना तस्करी का ये सात दिन में दूसरा मामला है। आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया है।

43 लाख रुपये है सोने की कीमत

बताया जा रहा है कि कस्टम अधिकारियों ने बैंकॉक से आई फ्लाइट एफडी 130 के यात्रियों की जांच की थी। इस दौरान दो महिलाओं के रेक्टम में से 700 ग्राम सोना बरामद किया है। बाजार में इस सोने की कीमत 43 लाख बताई जा रही है।

ऑपरेशन से निकाला गोल्ड

जानकारी के अनुसार बुधवार रात को बैंकॉक से फ्लाइट आई थी। इसी फ्लाइट से उतरी दो महिला यात्रियों की जांच के दौरान रेक्टम में सोना होने की बात सामने आई। इस पर कस्टम अधिकारियों ने दोनों महिलाओं को सवाई मानसिंह अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर दोनों महिलाओं के रेक्टम में से 350-350 ग्राम के दो कैप्सूल निकाले।

दिल्ली भेजा जाना था सोना

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया कि ये कैप्सूल दिल्ली में भेजे जाने थे। जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं अक्सर बैंकॉक जाती रहती हैं। ये वहां से सोना तस्करी कर लाती रहती हैं, लेकिन पहली बार सुरक्षा जांच में पकड़ी गई हैं। दोनों महिलाओं के खिलाफ हवाई अड्डा थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले एक जून को कस्टम विभाग ने एक युवक के रेक्टम में से सोने के तीन कैप्सूल बरामद किए थे।