अजमेर : मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा शुक्रवार को अजमेर में ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह पर चादर पेश करेंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और डोटासरा दोपहर 3.15 बजे यूपीए चेयरपर्सन सोनिया गांधी की ओर से चादर पेश करेंगे। इसके बाद देर शाम को जयपुर लौटने का कार्यक्रम है।

इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत शुक्रवार को पंजाब के जालंधर जाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत  दोपहर 12 बजे ल्यालपुर खालसा कॉलेज में जालंधर के सांसद रहे स्वर्गीय संतोख सिंह चौधरी के भोग और अंतिम अरदास कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 1.30 बजे गहलोत जालंधर से रवाना होकर दोपहर 2:30 बजे किशनगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगे। हेलीकॉप्टर से अजमेर पहुंच कर दरगाह शरीफ पर चादर चढ़ाने का कार्यक्रम है।

 'हाथ से हाथ जोड़ो' अभियान की बैठक...
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा शुक्रवार को अजमेर दौरे पर रहेंगे। डोटासरा सुबह 11 से लेकर दोपहर 3 बजे तक अजमेर संभाग के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। डोटासरा का शाम 6 बजे जयपुर लौटने का कार्यक्रम है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डोटासरा 28 जनवरी को जयपुर संभाग के हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे।

28 से 30 जनवरी तक डोटासरा श्रीनगर दौरे पर रहेंगे...
डोटासरा 28 जनवरी को शाम 4 बजे जयपुर से विशेष विमान से जम्मू कश्मीर के श्रीनगर जाने का कार्यक्रम है। वह 30 जनवरी तक जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में ही रहेंगे। 30 जनवरी को भारत जोड़ो यात्रा का समापन जम्मू कश्मीर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में होगा। कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ पीसीसी चीफ भी शामिल होंगे।