राज्य में शीत लहर को देखते हुए उदयपुर में आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए 18 जनवरी तक सभी स्कूल बंद रहेंगे। वहीं 19 से 22 जनवरी तक निजी स्कूल सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक खुले रहेंगे।अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) प्रभा गौतम ने बताया कि ये फैसला बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया है। उन्होंने बताया कि सभी शिक्षण संस्थाओं के संस्था प्रधानों को अवकाश की सूचना दे दी गई है एवं पालना हेतु निर्देशित किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक, आगामी 24 घंटों में राज्य के कुछ स्थानों का तापमान 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। राज्य में चल रहे शीतलहर और पाला का दौर 18 जनवरी तक रहेगा। 19 जनवरी से न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी होने से शीतलहर से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। इससे पहले 15 जनवरी को राज्य के कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया।

राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान चार डिग्री से नीचे पहुंच गया है।राजस्थान जैसे रेगिस्तान वाले इलाके में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। कृषि अनुसंधान केंद्र (एआरएस) के जोनल डायरेक्टर ऑफ रिसर्च शीशराम ढाका ने बताया कि फतेहपुर-शेखावाटी में -4.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

बता दें कि सीकर, चूरू और झुंझुनू जैसे इलाकों में पारा माइनस में जा रहा है और कंपकंपा देने वाली ठंड पड़ रही है।
राजस्थान का हिल स्टेशन माउंट आबू भी बर्फ की चादर से ढका हुआ है। माउंट आबू में ठंडी ने पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यहां तापमान -4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इलाके में 4 से 5 इंच मोटी बर्फ देखी गई।