पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में मंगलवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि के आसार हैं। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक येलो अलर्ट जारी किया है। दोनों राज्यों के कई हिस्सों में सोमवार को ठंड का प्रकोप बना रहा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार लुधियाना का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पठानकोट का न्यूनतम तापमान 7.3, जबकि बठिंडा में भी रात में 6.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

हरियाणा के झज्जर में कड़ाके की ठंड पड़ी, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अंबाला में न्यूनतम तापमान 7.6, कुरुक्षेत्र में 7.7 और करनाल में 7 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह भिवानी और सिरसा में क्रमश: न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस और 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।