भोपाल । एमपी में आनेवाले विधानसभा चुनावों में जीत के लिए कांग्रेस पूरा जोर लगा रही है। कांग्रेस अपने चुनावी अभियान का श्रीगणेश नर्मदा पूजन से करेगी। 12 जून को प्रियंका गांधी जबलपुर से नर्मदा पूजन के साथ चुनाव का शंखनाद करेंगी। इन चुनावों में कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी अहम रोल निभाएंगी, यह तय है। प्रियंका अभी से इसके लिए सक्रिय हो उठी हैं। मध्यप्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष चंद्रप्रभाष शेखर ने बताया कि उनके जबलपुर प्रवास के लिए कांग्रेस की तैयारियां तेज हो गई हैं। वे यहां कई कार्यक्रमों में शामिल होंगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा के 12 जून के जबलपुर दौरे को लेकर कांग्रेसी खासे उत्साहित दिख रहे हैं। उनकी जनसभा में 50 हजार से अधिक लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। जिलेभर के कांग्रेस नेता, मोर्चा, प्रकोष्ठ व संगठन के पदाधिकारी इस सभा को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।
पहले प्रियंका गांधी के रोड शो और महिला मार्च का कार्यक्रम भी था पर अब इसे स्थगित कर दिया गया है। फिलहाल प्रियंका का कार्यक्रम है उसके अनुसार ग्वारीघाट में वे नर्मदा की पूजा करेंगी। नर्मदाजी की आरती करने के बाद वे गोलबाजार शहीद स्मारक रवाना होंगी जहां उनकी जनसभा होगी। जनसभा की तैयारियों के लिए बैठक बुलाई गई जिसमें राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने आनेवाले विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए जबर्दस्त अवसर है। उन्होंने पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों से कहा कि सभी को इसके लिए खुद को झोंक देना चाहिए।
प्रियंका गांधी करीब साढ़े चार घंटे जबलपुर में रुकेंगी। बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी के साथ पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे। दोनों ही राजनैतिक दलों के लिए महाकौशल हमेशा से ही खास रहा है। मध्यप्रदेश में अगर सरकार बनानी है, तो 38 सीटों वाला महाकौशल महत्वपूर्ण भूमिका अदा करता है। विधानसभा चुनाव 2018 में कांग्रेस के खाते में 38 में से 24 सीटें आई थीं, जबकि भाजपा को 13 सीटों से ही संतोष करना पड़ा था। एक सीट कांग्रेस से बागी हुए निर्दलीय ने जीती थी। इससे पहले 2013 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को महाकौशल से 24 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा और कांग्रेस महाकौशल के जरिए विंध्य और बुंदेलखंड को भी साधने की कोशिश में है। प्रियंका गांधी के पहली बार महाकौशल दौरे से कांग्रेस कार्यकर्ता उत्साहित हैं। राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने कहा कि लोग प्रियंका गांधी को सुनना चाहते हैं। जबलपुर दौरे के दौरान प्रियंका गांधी का रोड शो भी होगा। प्रियंका गांधी की जनसभा और रोड शो में शामिल होने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के शामिल होने का अनुमान है। इस दौरान शहर की ट्रेफिक व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए करीब छह स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
बताया जाता है कि प्रियंका गांधी सबसे पहले सुबह 10:30 बजे मां नर्मदा नदी के गौरीघाट जाएंगी। यहां नर्मदा पूजन कर महाआरती में शामिल होंगी। इसके बाद शहीद स्मारक में जनसभा को संबोधित करेंगे। नारी सम्मान योजना की औपचारिक शुरुआत करते हुए महिला मार्च के जरिए भी कांग्रेस शक्यिू प्रदर्शन करेंगी। हालांकि फिलहाल प्रियंका का मिनट टू मिनट कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। कार्यक्रम में प्रियंका गांधी के अलावा राष्ट्रीय महासचिव जेपी अग्रवाल, राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, अजय सिंह राहुल उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा, महिला प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, यूथ कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष योगेश यादव भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।